- लोहिया भवन में दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत
अंबेडकरनगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत योग सप्ताह की शुरुआत सोमवार को लोहिया भवन में की गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भगवान धन्वंतरि व महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद और जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा (साधू वर्मा) मौजूद रहे। संचालन डॉ. भावना शर्मा ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को योग के लाभों के बारे में जानकारी दी।
योगाभ्यास और रैली का आयोजन
योग सत्र में योग प्रशिक्षक अशोक पासवान और विकास तिवारी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इसके बाद लोहिया भवन से योग जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
रैली का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जनपद मुख्यालय के साथ सभी ब्लॉकों में भी सामूहिक योगाभ्यास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
21 जून को मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि 15 जून से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह मनाया जा रहा है। 21 जून को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित होगा। इस वर्ष की थीम ‘Yoga For Healthy Ageing’ निर्धारित की गई है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं और गिनीज रिकॉर्ड की तैयारी
आयुष विभाग द्वारा योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में सहभागिता का प्रयास भी किया जा रहा है।
प्रतिभागियों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल से पंजीकरण की सुविधा दी गई है। पंजीकरण के बाद लिंक के माध्यम से मोबाइल या अन्य डिजिटल उपकरण पर योग सत्र से जुड़ा जा सकता है।









