
कानपुर। लालबंगला क्षेत्र स्थित दुलारे ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे आयकर विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम ने न केवल दुकान के भीतर दस्तावेजों की जांच की, बल्कि सामने स्थित मकान में भी पूछताछ और कागजात खंगालने की कार्रवाई की। देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह कार्रवाई सर्वे के तहत हो रही है या फिर छापेमारी के रूप में।
आयकर विभाग की टीम पांच लग्जरी गाड़ियों से मौके पर पहुंची, जिसके बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए दुकान के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिसमें पीएसी के जवान भी शामिल हैं। मुख्य गेट पर सुरक्षा घेरा बनाकर किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
कार्रवाई के दौरान दुकान के सभी कर्मचारियों को अंदर ही रोक लिया गया है। किसी को बाहर निकलने या अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की दो अलग-अलग टीमें दुकान के सामने स्थित मकान में भी दस्तावेजों की जांच कर रही हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई एक से दो दिन तक चल सकती है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे संयुक्त या विस्तृत कार्रवाई की भी संभावना जताई जा रही है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।








