नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल सेवाओं के 1,057 कर्मियों को गैलेंट्री और सर्विस मेडल देने का ऐलान किया है। इन कर्मियों को उनकी बहादुरी और उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।
301 गैलेंट्री मेडल
घोषित 1,057 पदकों में 301 गैलेंट्री मेडल शामिल हैं। इनमें 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस कर्मी हैं। इन पदकों से उन कर्मियों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस का प्रदर्शन किया।
नक्सल इलाकों में तैनात 197 कर्मी
गैलेंट्री मेडल पाने वालों में सबसे ज्यादा 197 कर्मी लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म यानी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 51, नॉर्थ-ईस्ट के 12 और अन्य क्षेत्रों के 41 कर्मियों को भी बहादुरी पदक दिया गया है।
92 राष्ट्रपति पदक
केंद्र सरकार ने 92 प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस का भी ऐलान किया है। इसके अलावा 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया जाएगा।
CBI के 21 अधिकारी भी सम्मानित
केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उनकी सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है।
बहादुरी के लिए मिलता है गैलेंट्री मेडल
गैलेंट्री मेडल ऐसे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने लोगों की जान बचाने, संपत्ति की रक्षा करने, अपराध रोकने या अपराधियों को पकड़ने के दौरान असाधारण बहादुरी दिखाई हो।









