
- 11 राज्यों में IMD का तेज आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट
- झारखंड में बिजली गिरने से 5, महाराष्ट्र में 2 मौतें
- बेंगलुरु में तेज बारिश से जलभराव, 3 की मौत
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम ने रौद्र रूप ले लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस बीच झारखंड में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत, जबकि महाराष्ट्र में 2 लोगों की जान चली गई है।
IMD ने झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित 13 राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, दक्षिण भारत के कर्नाटक में भी बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं।
बेंगलुरु में आफत की बारिश, दीवार गिरने और करंट से तीन की मौत
बेंगलुरु में सोमवार को दिनभर हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और 500 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया।
BTM लेआउट में बारिश के पानी से भरे अपार्टमेंट में करंट लगने से 12 साल के बच्चे और 63 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई।
व्हाइटफील्ड इलाके में दीवार गिरने से 35 वर्षीय महिला की जान चली गई।
मौसम विभाग ने बेंगलुरु के लिए आज भी येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत में लू का प्रकोप, बांदा देश का सबसे गर्म स्थान
वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत में भीषण गर्मी कहर बरपा रही है।
बांदा (उत्तर प्रदेश) में पारा 46.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो सोमवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
मध्य प्रदेश के खजुराहो में तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया।
राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने हीटवेव अलर्ट जारी किया है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें-कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की दो साल की उपलब्धियां
अगले 2-3 दिनों में मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में भारी बारिश की संभावना है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।








