
- मजदूर ने पत्नी और बेटों पर मारपीट व धमकी का लगाया आरोप
- लुधियाना से लौटने पर घर में घुसने से रोका गया
- लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से किया घायल
अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र में एक मजदूर ने अपनी पत्नी और दो बेटों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर अहिरौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।अहिरौली के कुर्मीडीहा गांव निवासी पेशकार ने शिकायती पत्र में बताया कि वह लुधियाना में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। जब वह 20 मई को घर लौटा तो पत्नी सुनीता और बेटों विश्वजीत (22) व सत्यजीत (20) ने घर में घुसने से रोक दिया। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए गालियां दी गईं और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।पीड़ित का कहना है कि गांव वालों के बीच-बचाव से उसकी जान बची। हमले में उसका कंधा टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसने खुद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगले दिन यानी 21 मई को जब वह थाने गया, तो रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय पुलिस ने उसे टाल दिया। यहां तक कि मेडिकल तक नहीं कराया गया।आरोप है कि 22 मई को पत्नी सुनीता ने उल्टा उस पर झूठा मामला दर्ज करा दिया, जिस पर थाने ने तुंरत एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद से पीड़ित मानसिक रूप से परेशान है और न्याय के लिए भटक रहा है। थक-हार कर उसने 11 जून को पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत पत्र भेजा, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।








