जहांगीरगंज, अंबेडकरनगर। तहसील आलापुर के जहांगीरगंज विकासखंड और नगर पंचायत क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के बगल स्थित सार्वजनिक शौचालय की सफाई व्यवस्था बदहाल है। परिसर में गंदगी जमा होने के साथ दूषित पानी भी भरा है। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और पीएचसी आने वाले मरीजों व तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। परिसर में जगह-जगह गंदगी जमा है। दूषित पानी के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने लंबे समय से सफाई नहीं होने का आरोप लगाया है।
पीएचसी के पास गंदगी, मरीजों को परेशानी
सार्वजनिक शौचालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ठीक बगल में है। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को गंदगी व दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के आसपास साफ-सफाई बेहतर होनी चाहिए, लेकिन यहां स्थिति इसके विपरीत बनी हुई है।
मनोज कुमार, गोविंद, प्रमोद कुमार, दिनेश कुमार, अरविंद कुमार, संजय कुमार और महेश कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सफाई व्यवस्था नियमित नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से शौचालय की तत्काल सफाई कराने और परिसर में जमा दूषित पानी की निकासी कराने की मांग की है।









