कानपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच जाजमऊ के मक्कू सईद भट्ठा इलाके में गंगा किनारे बने तीन मंजिला शकीना अपार्टमेंट की बाउंड्री मिट्टी दरकने से ढह गई। बाउंड्री के साथ ही अपार्टमेंट की बिल्डिंग में भी कई जगह दरारें पड़ने की बात सामने आई है। घटना के बाद यहां रहने वाले 40 से ज्यादा परिवारों में दहशत का माहौल है।
गंगा की तरफ लगातार हो रही मिट्टी की कटान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार सुबह गंगा की तरफ की मिट्टी अचानक दरक गई। इसके चलते अपार्टमेंट की पीछे की पूरी बाउंड्री ढह गई। लोगों का कहना है कि गंगा किनारे लगातार कटान जारी रही तो बिल्डिंग के लिए भी खतरा बढ़ सकता है।
अपार्टमेंट में 45 से ज्यादा फ्लैट बताए जा रहे हैं, जिनमें वर्तमान में 40 से अधिक परिवार रह रहे हैं। लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण स्थिति और चिंताजनक हो गई है।
प्रशासन को बताने से डर रहे लोग
अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें बिल्डिंग की सुरक्षा को लेकर चिंता है, लेकिन वे प्रशासन को इसकी जानकारी देने से भी डर रहे हैं। उनका मानना है कि यदि अधिकारियों को स्थिति की जानकारी हुई तो अपार्टमेंट को खाली कराया जा सकता है और बारिश के दौरान उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो जाएगी।
लोगों का कहना है कि मजबूरी में वे अपनी जान जोखिम में डालकर यहां रहने को विवश हैं। हालांकि, डर के कारण कोई भी कैमरे के सामने अपनी बात रखने को तैयार नहीं हुआ।
2011 में मानकों को दरकिनार कर निर्माण का आरोप
स्थानीय निवासियों के अनुसार, गंगा किनारे इस तीन मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण वर्ष 2011 में कराया गया था। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया।
अब गंगा की तरफ मिट्टी कटने और बाउंड्री ढहने के बाद बिल्डिंग की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों को आशंका है कि यदि कटान और बढ़ी तो अपार्टमेंट की नींव भी प्रभावित हो सकती है।









