कानपुर में घर के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या

पंचायत चुनाव की रंजिश का शक- चार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, सीने और हाथ में लगी गोली; दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में बुधवार रात घर के बाहर खड़े 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के सीने और बाएं हाथ में गोली लगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

घर के दरवाजे पर खड़े युवक पर फायरिंग

वाजिदपुर ग्राम पंचायत के चिंतापुरवा निवासी गिरिजा शंकर निषाद लोडर चलाते थे। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे वह लोडर लेकर घर पहुंचे थे। परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह घर के दरवाजे के पास खड़े थे।

इसी दौरान कुलदीप निषाद, उसके पिता रामऔतार निषाद, सुरेंद्र निषाद और एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने गिरिजा शंकर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए। उन्होंने घायल गिरिजा शंकर को तत्काल बिठूर के जगदीश अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ वारदात के पीछे की वजह की भी पड़ताल कर रही है।

पंचायत चुनाव की रंजिश की बात सामने आई

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पंचायत चुनाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना से करीब छह घंटे पहले गिरिजा शंकर के बड़े भाई रामनरेश निषाद पर भी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया था। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button