नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कर्नाटक के PWD मंत्री सतीश जारकीहोली, उनकी बेटी और सांसद प्रियंका जारकीहोली समेत कुछ अन्य लोगों से जुड़े 18 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच का फोकस विदेशों में अवैध तरीके से पैसे भेजे जाने से जुड़े लेनदेन पर है। ED यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संबंधित रकम का स्रोत क्या था और उसे विदेश तक किस तरह पहुंचाया गया।
सुरक्षा बलों के साथ कई जगहों पर एक साथ तलाशी
ED की टीमों ने मिले कुछ इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों के साथ समन्वय करते हुए कई स्थानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। इनमें मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली से जुड़े परिसर भी शामिल रहे।
तलाशी के दौरान टीमों ने दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की। प्रियंका जारकीहोली चिक्कोडी लोकसभा सीट से सांसद हैं।
तीन महीने पहले बहनोई के ठिकाने पर भी हुई थी रेड
इससे करीब तीन महीने पहले 24 जून को ED ने आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर वाईडी मंजूनाथ के बेलगावी स्थित आवास पर छापेमारी की थी। मंजूनाथ, सतीश जारकीहोली के बहनोई हैं।
उस दौरान उनके करीबी लोगों और रिश्तेदारों से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गई थी। जून में हुई कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में की गई थी। यह मामला लोकायुक्त की FIR से जुड़ा था, जिसमें रिश्वत और संपत्ति से संबंधित लेनदेन की जांच की जा रही थी।









