केरल में खड़ी लॉरी से टकराई कार, 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत

रेस्क्यू के लिए काटनी पड़ी गाड़ी- डायवर्जन के पास खड़ी थी लॉरी, हादसे में कार के परखच्चे उड़े

त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई। छात्रों की कार हाईवे पर खड़ी एक लॉरी के पीछे जा घुसी। हादसा रात करीब 11:40 बजे कैपामंगलम के पनंबिकुन्नू इलाके में हुआ।

पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे। कार गुरुवायुर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी महाराष्ट्र नंबर की लॉरी से टकरा गई।

6 छात्रों ने मौके पर तोड़ा दम

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 6 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।

कार में फंसे छात्रों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और दमकल-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी शवों को बाहर निकालने के बाद त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया गया।

डायवर्जन के पास खड़ी थी लॉरी

एफआईआर के अनुसार, हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा था और बैरिकेड लगाकर यातायात को डायवर्ट किया गया था। इसी दौरान लॉरी सड़क के दाईं ओर खड़ी थी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार अधिक थी और चालक डायवर्जन के बैरिकेड को समय रहते नहीं देख पाया। हालांकि, हादसे के लिए लॉरी के गलत तरीके से खड़े होने को भी अहम कारण माना जा रहा है।

लॉरी चालक की गलती की भी जांच

त्रिशूर ग्रामीण पुलिस प्रमुख मोहम्मद नदीमुद्दीन के मुताबिक, हाईवे के इस हिस्से में लॉरी खड़ी करना उचित नहीं था। पुलिस अब हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाईवे अधिकारियों और निर्माण कंपनी की ओर से डायवर्जन के दौरान पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button