नागपुर। महाराष्ट्र में कांग्रेस के एक सांसद का अपनी ही पार्टी की महिला सांसद के गाल पर थपकी मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में रामटेक से कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बारवे, चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानोरकर के गाल पर हल्का थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। घटना 1 नवंबर को हुई इंडिया ब्लॉक की रैली के दौरान की बताई जा रही है। वीडियो बुधवार को सामने आया।
वीडियो में प्रतिभा धानोरकर एक बस के अंदर सांसद वर्षा गायकवाड़ के पास बैठी दिखाई देती हैं। वह किसी बात पर हंस रही होती हैं। इसी दौरान श्यामकुमार बारवे उनके पास खड़े होकर उनके गाल पर थपकी मारते हैं। अचानक हुई इस हरकत पर धानोरकर चौंकती हुई और कुछ असहज नजर आती हैं।
बारवे बोले- धानोरकर छोटी बहन जैसी हैं
वीडियो वायरल होने के बाद श्यामकुमार बारवे ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में घटना को मजाक बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा धानोरकर उनकी छोटी बहन जैसी हैं और दोनों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था।
बारवे ने आरोप लगाया कि पार्टी की विरोध रैली को बदनाम करने के उद्देश्य से वीडियो को फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ मजाक कर रहे थे और इससे ज्यादा कुछ नहीं था।”
प्रतिभा धानोरकर ने भी बताई मजाक की बात
प्रतिभा धानोरकर ने भी घटना को ज्यादा तूल नहीं दिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह और कुछ अन्य महिला नेता श्यामकुमार बारवे की वैवाहिक स्थिति को लेकर मजाक कर रही थीं। इसी दौरान बारवे ने उन्हें मजाक में थप्पड़ मारा था।
दोनों सांसदों ने घटना को आपसी हंसी-मजाक का हिस्सा बताया है। हालांकि, वायरल वीडियो में थपकी लगने के बाद धानोरकर की प्रतिक्रिया भी दिखाई दे रही है, जिसके चलते यह मामला चर्चा में आ गया।
कथित ईमेल को भी बारवे ने बताया फर्जी
बारवे ने नागपुर में कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी नेतृत्व को भेजे गए कथित ईमेल को भी फर्जी बताया। बताया गया था कि इस ईमेल के जरिए घटना को लेकर पार्टी नेतृत्व से शिकायत की गई थी। बारवे ने ऐसी शिकायत से जुड़े ईमेल की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं।









