
झांसी। झांसी में बदमाश लगातार चोरियां कर रहे हैं। अब एक सिपाही के घर को निशाना बनाया है। चोर यहां से लाखों रुपए के गहने और कैश चुराकर ले गए। सिपाही की पत्नी बच्चों को लेकर बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने के लिए मायके गई थी। जब पत्नी लौटकर आई तो चोरी का पता चला। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के कोछाभांवर के सिमलिया गांव में हुई है।
ललितपुर के पुलिस लाइन में तैनात सिपाही दिनेश कुमार की पत्नी एवं दो बच्चे कोछाभांवर के सिमलिया गांव में बने घर में रहते हैं। सिपाही दिनेश ने पुलिस को बताया कि सोमवार को पत्नी बच्चों को लेकर जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए पाल कॉलोनी स्थित मायके गई थी। घर पर कोई नहीं था। रात को पत्नी मायके में ही रुक गई।
सुबह घर लौटने पर अंदर कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था। आलमारी का ताला तोड़ दिया था। उसमें रखा सामान गायब था। आलमारी के अंदर सोने का हार, मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठी, कान के टॉपस, पायल समेत साढ़े तीन लाख रुपए के गहने और करीब छह हजार रुपए बदमाश उठाकर ले गए।
सेंटर लॉक नहीं टूटा तो छत से घूस
जांच के दौरान पता चला कि बदमाश मुख्य गेट से अंदर घुसना चाहते थे। कुंडा और ताला तोड़ दिया। मगर वे सेंटर लॉक को नहीं तोड़ पाए। इसके बाद बदमाश छत पर चढ़ गए और गेट तोड़कर घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाश चोरी करके भाग गए।







