
- मकान मालिक दुबई में, घर में भांजा और मां रह रहे थे
- चोर घर में घुसकर 18 लाख के जेवरात और 2 लाख नकद ले गए
- जाते समय सीसीटीवी तोड़ दिया
लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सक्सेना इंटर कॉलेज के पास एक मकान में दोपहर लाखों की चोरी हो गई। मकान मालिक दुबई में रहते हैं, जबकि घर में उनका भांजा अब्दुल मुजीब अपनी मां के साथ रह रहे थे।
अब्दुल मुजीब ने बताया कि वह जियो मार्ट में ड्यूटी पर गए थे और रात 10 बजे लौटे तो देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। मेन गेट का ताला, ग्रिल और खिड़कियां पूरी तरह से सुरक्षित थीं।
चोरों ने 18 लाख रुपए के कीमती जेवरात और 2 लाख नकद पार कर दिए। घर से जाते समय उन्होंने लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पीड़ित ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से उनकी मां मायके गई थीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







