
अम्बेडकरनगर। जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति/जिला मिशन समिति अंबेडकरनगर की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ़ साधू वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला विशेष रूप से मौजूद रहे।
भौतिक व वित्तीय प्रगति की समीक्षा, सभी प्रस्ताव अस्वीकृत
बैठक में समिति के समक्ष वर्ष 2025–26 में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रस्तुत परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान वर्षा जल संचयन हेतु खेत तालाब योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY–RAFTAAR/RAD) और मनरेगा के तहत भेजे गए सभी परियोजना प्रस्तावों को समिति ने अस्वीकार कर दिया।
समन्वय से नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए नई परियोजनाएं तैयार की जाएं, और पुनः समिति की बैठक बुलाकर प्रस्तावों को प्रस्तुत किया जाए। साथ ही, जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रत्येक परियोजना का बुकलेट तैयार कर सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि सभी को योजनाओं की जानकारी रहे।
योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि चयनित योजनाओं का विस्तृत प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए और नियमों के अनुसार अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ही परियोजनाओं को फिलहाल अस्वीकृत किया गया है, और अगली बैठक में संशोधित प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।








