लखनऊ में देर रात डकैती, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित माई जी का पुरवा गांव में देर रात बदमाशों ने दो घरों में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के गहने और कीमती सामान लूट लिया। विरोध करने पर एक महिला के सिर पर कट्टा तानकर उसे धमकाया गया।

घटना के दौरान बदमाशों ने हैरान कर देने वाली हरकत करते हुए 5 साल की मासूम बच्ची को भी उठा लिया। हालांकि, ग्रामीणों के पीछा करने पर बदमाश कुछ दूरी पर बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गए।

छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी राजपाल रावत और आशीष यादव के घरों को निशाना बनाते हुए बदमाश छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। दोनों घरों में घुसकर उन्होंने नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित आशीष यादव की पत्नी नीतू ने बताया कि रात में करीब चार बदमाश घर में घुसे थे। उन्होंने पहले घर के दरवाजे बंद कर दिए, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद तीन बदमाश कमरे में घुस आए और बेड के पीछे रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे गहने निकालने लगे।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

आहट होने पर जब परिवार के लोग जाग गए, तो एक बदमाश ने कट्टा तानकर सभी को चुप रहने की धमकी दी। डर के कारण परिवार के सदस्य विरोध नहीं कर सके और बदमाश आराम से लूटपाट करते रहे।

मासूम को उठाकर ले गए, फिर छोड़कर फरार

लूटपाट के बाद जब बदमाश भागने लगे, तो उन्होंने परिवार की 5 साल की बेटी काव्या को भी उठा लिया। बच्ची के अपहरण से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के शोर मचाने और ग्रामीणों के पीछा करने पर बदमाशों ने कुछ दूरी पर बच्ची को छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Posts

गोमती नगर फूड वैली में हाई वोल्टेज ड्रामा

लखनऊ: गोमती नगर स्थित फूड वैली में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिविल ड्रेस में आए चार लोगों ने एक युवक को जबरन पकड़ लिया। युवक अपने…

Continue reading
लखनऊ पुलिस में बड़ा फेरबदल, अमित कुमार आनंद बने DCP साउथ

लखनऊ: राजधानी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के तहत नए दायित्व सौंपे गए हैं।…

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *