
- बचाने के लिए रिश्तेदार भी कूदा, दोनों लापता
- SDRF की टीमें 5 किमी तक कर चुकीं तलाशी
- साथी वकील बोले— टहलते समय फिसले थे अनुपम
लखनऊ। राजधानी के बीबीडी इलाके में शुक्रवार रात इंदिरा डैम पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक वकील पत्नी से झगड़े के बाद नहर में कूद गया। उसे बचाने के लिए उसका रिश्तेदार भी कूद पड़ा। दोनों ही नहर के तेज बहाव में बह गए और अब तक लापता हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें देर रात से ही लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पत्नी से कहासुनी के बाद छोड़ा घर
मधुबन मऊ निवासी अभिषेक सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पड़ोसी एडवोकेट अनुपम तिवारी (37) का शुक्रवार रात करीब 12 बजे पत्नी से झगड़ा हुआ था। गुस्से में अनुपम घर से निकल गए और इंदिरा डैम पहुंचकर नहर में छलांग लगा दी। उनके पीछे-पीछे रिश्तेदार शिवम उपाध्याय (अनुभव उपाध्याय भी कहा गया) भी उन्हें समझाने पहुंचे थे, लेकिन हालात बिगड़ने पर वह भी कूद गए।
साथी और रिश्तेदारों के बयान एक-दूसरे से उलट
घटना के बाद जहां कुछ परिजनों ने कहा कि यह एक दुर्घटना थी और अनुपम टहलने निकले थे तभी फिसलकर गिर पड़े, वहीं पुलिस का कहना है कि वकील ने खुदकुशी की मंशा से छलांग लगाई थी। साथी एडवोकेट देवमणि मिश्रा ने बताया कि अनुपम तिवारी रोज़ रात को खाना खाने के बाद टहलने जाया करते थे। शुक्रवार को भी वह इंदिरा डैम पर टहलने गए थे, तभी उनका पैर फिसला और वे नहर में जा गिरे। उनके साथ मौजूद फुफेरे भाई अनुभव उपाध्याय ने उन्हें बचाने के लिए छलांग लगा दी।








