
हजपुरा (अंबेडकरनगर)। टांडा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मेढ़ी सुलेमपुर में एक गरीब ब्राह्मण परिवार की भूमि पर कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित लक्ष्मी शंकर तिवारी पुत्र श्रीपत तिवारी ने आरोप लगाया है कि लेखपाल और दबंग कानूनगो की मिलीभगत से उनकी खतौनी की जमीन पर अवैध कब्जा कराया जा रहा है। इस प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी के साथ-साथ मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई है।
खतौनी की जमीन पर जबरन कब्जा
लक्ष्मी शंकर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी खतौनी का गाटा संख्या 284 है, जिसका रकबा 0.824 हेक्टेयर दर्ज है। इस जमीन पर गांव की ही निवासी रेखा देवी पत्नी राम अनुज यादव का जबरन कब्जा कराया जा रहा है। जबकि रेखा देवी के नाम पर गाटा संख्या 332 दर्ज है। पीड़ित का कहना है कि पहले से ही उनकी भूमि कम है और अब दबंग कानूनगो व लेखपाल मिलीभगत कर उसे भी उनसे छीनने की कोशिश कर रहे हैं।
फर्जी आदेश का हवाला
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने मामले की जानकारी ली तो उन्हें यह कहकर गुमराह किया गया कि जिलाधिकारी महोदय के अनुपालन में तहसीलदार द्वारा आदेश पारित हुआ है। लेकिन तहसीलदार व उपजिलाधिकारी की आख्या नियमावली के अनुरूप न पाए जाने पर निरस्त कर दी गई थी। बाद में 3 मई 2025 को पुनः आख्या प्रस्तुत की गई और 30 मई 2025 को गाटा संख्या 332 के बाबत आदेश पारित हुआ, जिसमें न तो वे पक्षकार थे और न ही वादी–प्रतिवादी।








