
- भागने की कोशिश में घसीटकर बोलेरो में डाला
- किसान की शिकायत पर हुई कार्रवाई
- गिरफ्तार कर बखिरा थाने में पूछताछ जारी
संत कबीरनगर में तहसील सदर खलीलाबाद के एक लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान लेखपाल हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे कसकर पकड़ा और चार लोग घसीटते हुए बोलेरो में बिठाकर थाने ले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
किसान ने दी थी एंटी करप्शन को सूचना
मगहर निवासी बेलाल अहमद के साले अखलाक अहमद ने बताया कि गाटा संख्या 351 पर उनके बहनोई की जमीन दर्ज है, जिस पर एक व्यक्ति कब्जा कर रहा था। शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। दो दिन पहले जब उन्होंने लेखपाल रामअवध से संपर्क किया, तो उसने जमीन की पैमाइश के नाम पर 5000 रुपए की मांग की।
रिश्वत देने से मना करने पर लेखपाल ने काम करने से इनकार कर दिया। मजबूरी में किसान ने एंटी करप्शन टीम को सूचना दी। योजना के तहत किसान आज दोपहर तहसील पहुंचा और लेखपाल के चैंबर में 5000 रुपए सौंपते ही टीम ने उसे पकड़ लिया।
भागने लगा लेखपाल, टीम ने घसीटकर गाड़ी में डाला
गिरफ्तारी के दौरान लेखपाल ने हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश की और कहा, “मैंने पैसे हाथ में नहीं लिए हैं।” लेकिन टीम नहीं मानी। लेखपाल के भागने पर टीम ने उसे डांटते हुए पकड़ लिया। चार अधिकारियों ने मिलकर उसे घसीटा और धक्के मारकर बोलेरो में बिठाया, फिर बखिरा थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।







