नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार देर शाम सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। उन्हें अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है।
डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी
अस्पताल के अनुसार, आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था। उनका इलाज न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में किया जा रहा है। उन्हें फेफड़ों से संबंधित विभाग में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
जेपी नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। आडवाणी की उम्र 98 वर्ष है। उम्र को देखते हुए डॉक्टर उनकी सेहत पर विशेष निगरानी रख रहे हैं।
बेटी प्रतिभा आडवाणी संभालती हैं देखभाल
लालकृष्ण आडवाणी दिल्ली के लुटियंस क्षेत्र में 30, पृथ्वीराज रोड स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। उनकी पत्नी कमला आडवाणी का वर्ष 2016 में निधन हो गया था। इसके बाद उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी उनकी देखभाल करती हैं। फिलहाल अस्पताल की ओर से उनकी हालत स्थिर बताई गई है।









