
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आज आईपीएल 2026 का पांचवां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होना है, लेकिन इससे पहले शहर में रात भर हुई बारिश ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है।
दरअसल, बुधवार देर रात करीब 12 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक लखनऊ में रुक-रुककर बारिश होती रही। ऐसे में फैंस की निगाहें पूरे दिन मौसम पर टिकी रहीं और सबसे बड़ा सवाल यही बना रहा कि क्या बारिश मैच में खलल डालेगी या नहीं।
शाम को बारिश की संभावना नहीं
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, फिलहाल शाम के समय बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि दिन में मौसम साफ रहने और धूप निकलने से हालात काफी बेहतर हो गए हैं। इससे यह उम्मीद बढ़ गई है कि मैच बिना किसी रुकावट के पूरा खेला जा सकेगा।
पिच पर नहीं पड़ेगा ज्यादा असर
सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट संतोष सूरी के अनुसार, बारिश के दौरान पिच को रात में ही कवर कर दिया गया था, जिससे उसे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। दिन में धूप निकलने से पिच को सूखने का पर्याप्त समय भी मिल गया है।
हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि बारिश के कारण पिच में हल्की नमी बनी रह सकती है। इसका फायदा शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मिल सकता है। ऐसी स्थिति में गेंदबाजों को स्विंग मिलने की संभावना रहेगी, जिससे मैच की शुरुआत काफी रोमांचक हो सकती है।








