
लखनऊ। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने राजधानी में व्यापक अभियान चलाया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अलग-अलग टीमों ने गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हजरतगंज क्षेत्र में संदिग्ध हालात में 4 घरेलू गैस सिलेंडर ले जा रहे एक युवक को पकड़ा गया, जिसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
हजरतगंज में पकड़ा गया संदिग्ध युवक
निरीक्षण अभियान के दौरान महात्मा गांधी मार्ग (मोती महल रोड) पर एक दोपहिया वाहन से 4 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में वाहन मालिक की पहचान गौरव यादव निवासी खदरा के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में मामला गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी से जुड़ा पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जांच
जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील बीकेटी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी कुमार सौरभ और पूर्ति विभाग की टीम ने आधार खेड़ा स्थित गैस गोदाम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी अलग-अलग टीमों ने आलमबाग, चौक और राजाजीपुरम समेत कई इलाकों में गैस एजेंसियों की जांच की।
स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसियों के स्टॉक रजिस्टर, बुकिंग रिकॉर्ड और उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की डिलीवरी व्यवस्था की बारीकी से जांच की। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना और अनियमितताओं पर रोक लगाना रहा।







