
- लखनऊ को देश में तीसरा सबसे स्वच्छ बड़ा शहर घोषित किया गया
- नगर निगम मुख्यालय में फूल, गुब्बारे और रंगोली से हुआ जश्न
- मेयर सुषमा खर्कवाल ने मतदाताओं और सफाईकर्मियों को दिया श्रेय
लखनऊ। स्वच्छता के क्षेत्र में लखनऊ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के बाद शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। पूरे कार्यालय परिसर को फूलों, गुब्बारों और रंगोली से सजाया गया। रेड कारपेट बिछाई गई और ढोल-नगाड़ों की थाप पर निगमकर्मी झूमते नजर आए।
मेयर और टीम का भव्य स्वागत
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल और उनकी टीम का फूलों की वर्षा के साथ स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में भी पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने टीम का अभिनंदन किया।
“यह जीत मतदाताओं के विश्वास की” – मेयर सुषमा खर्कवाल
मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह उपलब्धि लखनऊवासियों के सहयोग और विश्वास का नतीजा है। उन्होंने कहा, “पिछले दो वर्षों से स्वच्छता अभियान को मिशन मोड में चलाया जा रहा था। इस दौरान 1200 ईवी गाड़ियां और 150 रोड स्वीपिंग मशीनों को लगाया गया। साथ ही सफाई कर्मियों ने पूरी लगन से काम किया।” उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन को भी दिया।
रैंकिंग में अव्वल बनने के पीछे ये कारण रहे अहम
नगर निगम की ओर से कचरा प्रबंधन को स्मार्ट तरीके से संचालित किया गया। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करना, ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘हर रविवार सफाई के नाम’ जैसे अभियानों का सफल संचालन, GPS सिस्टम से लैस कचरा वाहन और फीडबैक सिस्टम ने सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखा। लखनऊ ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) घोषित हो चुका है, जो रैंकिंग में निर्णायक साबित हुआ।








