लखनऊ में बाइक हादसे में 10वीं के छात्र की मौत, दो दोस्त घायल

  • इकाना स्टेडियम से मैच देखकर लौट रहे थे तीनों दोस्त
  • तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई
  • डेढ़ साल पहले बड़े भाई की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत

लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 10वीं के छात्र की मौत हो गई। वह दो दोस्तों के साथ इकाना स्टेडियम से मैच देखकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान जी-20 रोड पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 16 वर्षीय हर्ष की मौत हो गई। उसके दोनों दोस्तों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

रात में पिता ने फोन कर घर आने को कहा था

मूलरूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले जयकरन लखनऊ के सरोज विहार मुलायमनगर में परिवार के साथ रहते हैं और कारपेंटर का काम करते हैं। उनका बेटा हर्ष एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था।

जयकरन के मुताबिक, 22 अगस्त को हर्ष मोहल्ले के रहने वाले दोस्तों आदर्श और गोविंद के साथ इकाना स्टेडियम मैच देखने गया था। रात करीब 10:30 बजे उन्होंने बेटे को फोन किया। देर रात बाहर रहने और बाइक ले जाने को लेकर उसे डांटा और जल्द घर लौटने के लिए कहा।

करीब 45 मिनट बाद ही परिवार को पुलिस के जरिए हादसे की सूचना मिली।

तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई

पुलिस के मुताबिक, जी-20 रोड पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने हर्ष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डेढ़ साल पहले बड़े भाई की भी हादसे में मौत

हर्ष के परिवार पर यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। जयकरन के दो बेटे अजय और हर्ष थे। करीब डेढ़ साल पहले बड़े बेटे अजय की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

अजय चंदन हॉस्पिटल के पास बाइक से जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई थी और हादसे में उसकी जान चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button