लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय की समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया।
मार्च को रोकने के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें बसों के माध्यम से इको गार्डन भेज दिया गया। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
प्रदर्शन के दौरान छात्र लगातार सरकार और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उनका आरोप था कि बार-बार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
छात्र नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।









