लखनऊ में उमस और गर्मी ने बढ़ाई परेशानी

7 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने के कारण गर्मी का असर बढ़ गया। हालांकि, दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और पीजीआई, सरोजनी नगर समेत शहर के कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक शहर में भीषण गर्मी और उमस बनी रह सकती है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 7 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा, जिसके बाद लखनऊ में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 53 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह हल्की बारिश होने के बावजूद पूरे दिन उमस बनी रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लखनऊ में 2 जुलाई को मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद 3 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश हुई। 2 से 3 जुलाई के बीच शहर में 6.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि 1 जून से 3 जुलाई तक कुल 29 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से कम है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो रही है और मानसून के दौरान भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इसका असर खेती के साथ-साथ जल स्रोतों पर भी पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button