- वॉट्सएप वॉयस मैसेज भेजकर मांगी थी मदद
- नहर से मिला शव, पिता ने की पहचान
- परिजनों ने ससुराल पक्ष और पुलिस पर लगाए आरोप
- बहन ने आत्मदाह की कोशिश की
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शादी के पांच महीने बाद लापता हुई एक नवविवाहिता का शव नगराम क्षेत्र से गुजरने वाली इंदिरा नहर में मिला। मृतका की पहचान हिमांशी कश्यप (26) के रूप में हुई है। शव की पहचान उसके पिता ने पोस्टमार्टम हाउस में की।
परिजनों का आरोप है कि हिमांशी ने लापता होने से पहले अपनी बहन को व्हाट्सएप पर वॉयस मैसेज भेजकर सुबह 7 बजे तक घर से ले जाने की गुहार लगाई थी। अगले दिन जब परिवार ससुराल पहुंचा तो घर पर ताला लगा मिला और सभी ससुराल वालों के मोबाइल फोन बंद थे।
नहर में मिला शव
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को नगराम क्षेत्र स्थित इंदिरा नहर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान हिमांशी के रूप में की।
थाने के बाहर हंगामा
शव मिलने की जानकारी के बाद परिजनों ने इटौंजा थाने के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान मृतका की बहन ने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रोक लिया।
परिजनों के आरोप
परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद से हिमांशी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









