
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार रात आए तेज तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। रात करीब 9:30 बजे गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शहरी क्षेत्रों में जहां आधे घंटे के भीतर बिजली बहाल कर दी गई, वहीं ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर 10 घंटे से ज्यादा तक बिजली गुल रही।
कई इलाकों में लंबी बिजली कटौती
तूफान के चलते आलमबाग, कृष्णानगर, बीकेटी, खदरा और मोहनलालगंज समेत कई क्षेत्रों में बिजली बाधित हुई। वहीं हजरतगंज और गौतमपल्ली जैसे प्रमुख इलाकों में भी कटौती देखने को मिली। कुछ पावर हाउस फीडरों में खराबी आने से करीब एक लाख की आबादी प्रभावित हुई।
अंडरग्राउंड केबल में फॉल
बीकेटी क्षेत्र के रैठा रोड स्थित रुक्मणि विहार फीडर में अंडरग्राउंड केबल फॉल के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गहरू पावर हाउस और पारा क्षेत्र में भी देर तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत
दिलकुशा इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां पेड़ गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पेड़ पहले से झुका हुआ था और तूफान के असर से गिर पड़ा। दोनों मृतक रेडियोथेरेपी टेक्नीशियन थे और अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे।
मौसम में बड़ी गिरावट
India Meteorological Department के अनुसार, शहर में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले पांच दिनों में तापमान में करीब 11.3 डिग्री की गिरावट आई है। जहां 26 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री था, वहीं अब यह 36 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।









