- लखनऊ में STF की बड़ी कार्रवाई
- रेलवे क्रॉसिंग के पास तस्कर गिरफ्तार
- 171 प्रतिबंधित प्रजाति के कछुए बरामद
- बंगाल के गिरोह से जुड़े होने का आरोप
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने वन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास एक कछुआ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित प्रजाति के 171 कछुए बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहगढ़ के कमालगंज थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव निवासी जाहिद अली के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह पश्चिम बंगाल के एक तस्कर गिरोह के संपर्क में रहकर प्रतिबंधित कछुओं की सप्लाई करता था।
अधिकारियों का कहना है कि इसी नेटवर्क के जरिए इन कछुओं की तस्करी बांग्लादेश और म्यांमार के रास्ते चीन, हांगकांग, मलेशिया सहित अन्य देशों तक की जाती थी। आशंका है कि इनका इस्तेमाल शक्तिवर्धक दवाओं और अन्य उत्पादों में किया जाता है।
एसटीएफ के दरोगा फैजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि लंबे समय से प्रतिबंधित प्रजाति के कछुओं की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसके बाद एसटीएफ और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। शनिवार को सूचना के आधार पर हरबंश मोहाल इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।









