
लखनऊ का अधिकतम तापमान 26°C, न्यूनतम 11°C।
तालकटोरा, लालबाग और अलीगंज में एयर क्वालिटी खराब।
दिसंबर से फरवरी तक ठंड सामान्य से अधिक रहने की संभावना।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार तड़के सुबह से धुंध छाई रही, लेकिन कुछ ही देर में मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल गई। मौसम विभाग के अनुसार, आज शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था।
एयर क्वालिटी खराब, तीन इलाके रेड जोन में
सुबह के समय 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 196 दर्ज किया गया। तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में AQI 264, लालबाग 219 और अलीगंज 210 रहा। गोमती नगर (187), अंबेडकर यूनिवर्सिटी (185) और कुकरैल पिकनिक स्पॉट (185) मॉडरेट लेवल में यलो जोन में रहे। मंगलवार को शहर का औसत AQI 185 था।
तीन महीने तक ठंड सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार लखनऊ और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड सामान्य से ज्यादा रह सकती है। नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में ला नीना प्रभाव कमजोर होते हुए भी बना हुआ है, वहीं हिंद महासागर में नकारात्मक इंडियन ओशन डाइपोल तटस्थ स्थिति की ओर बढ़ रही है। इन दोनों का संयुक्त प्रभाव दिसंबर से फरवरी के बीच प्रदेश के बड़े हिस्से में औसत तापमान सामान्य से नीचे रहने का कारण बन सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर के दिनों की संख्या औसत से 2-5 दिन अधिक हो सकती है। सामान्यतः प्रदेश में औसत 4-6 दिन शीतलहर रहती है।








