जलवा क्लब हत्याकांड में बड़ी सफलता

25 हजार का इनामी मुख्य आरोपी अनुज सिंह गिरफ्तार

  • चंदौली पुलिस ने मुगलसराय क्षेत्र से आरोपी को दबोचा
  • कब्जे से तमंचा और दो कारतूस बरामद
  • पहले ही तीन आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

लखनऊ। लखनऊ के विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब के बाहर भाजपा नेता शिवम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चंदौली पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपए के इनामी अनुज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, अनुज सिंह की गिरफ्तारी मुगलसराय क्षेत्र में उस समय हुई जब वह अवैध हथियार के साथ घूम रहा था। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

विभूतिखंड थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना प्राप्त हो चुकी है और अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।

पहले तीन आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके

इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही अलीगंज निवासी शांतनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक और आजमगढ़ निवासी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ के दौरान इन सभी ने मुख्य आरोपी अनुज सिंह की भूमिका का खुलासा किया था।

अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।

क्लब के बाहर हुई थी वारदात

यह घटना 25 मई की रात की है, जब अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के रामनगर धौरहरा निवासी और भाजपा युवा मोर्चा जिला कमेटी सदस्य शिवम सिंह अपने दोस्तों के साथ लखनऊ के विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब में पार्टी करने पहुंचे थे।

26 मई की तड़के करीब तीन बजे क्लब से बाहर निकलने के बाद सिगरेट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने शिवम सिंह पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोटें आने पर उनकी मौत हो गई।

प्रमुख बिंदु

  • भाजपा नेता शिवम सिंह हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
  • 25 हजार रुपए का इनामी अनुज सिंह चंदौली पुलिस के हत्थे चढ़ा।
  • आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद।
  • तीन अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
  • विवाद सिगरेट को लेकर शुरू हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button