अनुगुल/मलकानगिरी। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके हथियारों और विस्फोटक सामग्री के बड़े जखीरे का खुलासा किया है।
जिला स्वयंसेवी बल (DVF) की टीम ने कलिमेला थाना क्षेत्र के गुंथबाड़ा और कदमगुड़ा के घने जंगलों में छापेमारी की। इस दौरान दो SLR राइफल, दो पिस्तौल, IED, बड़ी मात्रा में विस्फोटक, कारतूस, वायरलेस संचार उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए।
यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले की सीमा से सटे जंगलों में सुबह करीब साढ़े छह बजे शुरू हुए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के गुप्त ठिकाने का पता लगाया।
बरामद सामग्री में बैटरियां, एंटीना, वॉकी-टॉकी सेट, तार, हार्ड डिस्क, पेनड्राइव, कीबोर्ड और दवाइयों की किट भी शामिल है। पुलिस के अनुसार यह पूरा जखीरा आंध्र-ओडिशा सीमा विशेष क्षेत्रीय समिति (AOBSZC) के माओवादियों का है, जिसका इस्तेमाल सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमलों की योजना में किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मलकानगिरी को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। जनवरी 2025 से मार्च 2026 तक जिले में दो माओवादियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि 23 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।
पिछले एक महीने में यह तीसरी बड़ी बरामदगी है। इससे पहले 9 जून को मथिली थाना क्षेत्र और 15 जून को पोडिया थाना क्षेत्र में भी हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया था। सुरक्षा बलों ने कहा है कि संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









