यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 200 से ज्यादा DSP ट्रांसफर

अयोध्या समेत कई जिलों के सीओ बदले, एलआईयू और रामजन्मभूमि परिसर में नई तैनाती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डीएसपी और समकक्ष रैंक के 200 से अधिक अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में अयोध्या समेत कई जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार गोंडा एलआईयू में तैनात पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार वर्मा को अयोध्या एलआईयू का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं अयोध्या एलआईयू में तैनात विवेक वाष्णेय का तबादला आगरा जोन में मंडलाधिकारी पद पर किया गया है।

अयोध्या में तैनात सीओ रुदौली आशीष निगम को रायबरेली भेजा गया है, जबकि सीओ मिल्कीपुर अजय सिंह को जालौन में नई जिम्मेदारी दी गई है। रामजन्मभूमि परिसर में तैनात सीओ योगेंद्र कुमार का तबादला एसएफ गोरखपुर कर दिया गया है। वहीं सीओ मयंक मिश्रा को कन्नौज भेजा गया है।

प्रदेश स्तर पर किए गए इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव में कमिश्नरेट, पीएसी, एसएसएफ, एलआईयू और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। सरकार ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और चुस्त-दुरुस्त बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती के बाद अयोध्या समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस व्यवस्था और कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button