
- सितंबर के अंतिम रविवार को 1388 बूथों पर 12,466 कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कार्यक्रम सुना
- बूथ स्तर पर रेडियो और मोबाइल स्पीकर के माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन
- अकबरपुर बूथ 36 में अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह के आवास पर विशेष आयोजन
अंबेडकरनगर। सितंबर माह के अंतिम रविवार को देशभर में प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 126वीं कड़ी को अंबेडकरनगर जनपद में व्यापक स्तर पर सुना गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के मार्गदर्शन और कार्यक्रम संयोजक दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में जनपद के 1388 बूथों पर कुल 12466 कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
बूथ स्तर पर हुआ आयोजन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
जनपद के सभी मंडलों में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम को लेकर बूथों पर विशेष तैयारियां की गई थीं। कहीं घरों की छत पर रेडियो लगा था तो कहीं मोबाइल स्पीकर के माध्यम से प्रसारण सुना गया।
अकबरपुर में बूथ संख्या 36 पर सुनाया गया संदेश
अकबरपुर नगर मंडल के बूथ संख्या 36, नासिरपुर में अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह के आवास पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पूर्व जिलाध्यक्ष व अयोध्या जनपद प्रभारी डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह युवाओं के आदर्श हैं, जिनकी निर्भीकता हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
लता मंगेशकर को दी गई श्रद्धांजलि, नवरात्रि और छठ पर संदेश
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि लता के गीतों में भारतीय भावनाओं और संस्कृति की आत्मा बसती है।
नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व नारी शक्ति का उत्सव है और देश की बेटियां हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।








