लखनऊ। लखनऊ के वजीरगंज इलाके में एक विवाहिता घर में फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे गंभीर हालत में बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली पूजा साह (25) की शादी करीब तीन वर्ष पहले वजीरगंज के रिवर बैंक कॉलोनी क्षेत्र निवासी शुभम साह से हुई थी। दंपती का डेढ़ साल का एक बेटा है। शुभम फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है।
दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई विनोद ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पूजा को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उसे आए दिन मारपीट कर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। मंगलवार शाम परिवार को सूचना मिली कि पूजा ने फांसी लगा ली है।
इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे फंदे से उतारकर बलरामपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









