लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, एक घंटे में काबू

हजरतगंज स्थित चार मंजिला सरकारी भवन में लगी आग

  • दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
  • आग बुझाने के दौरान छत की बाउंड्रीवॉल गिरी
  • डिप्टी सीएम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित चार मंजिला सरकारी भवन जवाहर भवन में सोमवार सुबह करीब 9:53 बजे भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और भवन से उठता धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां पांच से सात मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल के पास कैंटीन क्षेत्र से शुरू हुई थी। हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

आग बुझाने के दौरान भवन की ऊपरी छत की बाउंड्रीवॉल अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button