लखनऊ में बादलों की दस्तक- मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और रिमझिम बारिश का सिलसिला कई इलाकों में जारी है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को दोपहर बाद हुई बारिश से उमसभरी गर्मी में राहत मिली है और ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटों यानी 1 और 2 जुलाई को लखनऊ और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है।

तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। बीते 24 घंटों में 16.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने चेताया है कि लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज़ तूफान आने की आशंका है। पूरे उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर गरज के साथ वर्षा और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी यूपी में भारी बारिश और पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर तेज़ वर्षा की संभावना बनी हुई है।

लखनऊ में सामान्य से कम बारिश, यूपी में औसत से अधिक

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, जून में लखनऊ में सिर्फ 73.2 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 84.2 मिमी है। यानी राजधानी में बारिश सामान्य से कम रही। हालांकि, पूरे उत्तर प्रदेश में इस बार जून में औसतन 106.1 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से करीब 11% अधिक है।

बीते 24-36 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई है। मानसून द्रोणी फिलहाल श्रीगंगानगर से तटीय गांगेय पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है, जो अब धीरे-धीरे दक्षिणी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ सकती है।

जून में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 125.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 60% अधिक है। वहीं, पूर्वी यूपी में 92.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 15% कम है। इस दौरान बिजनौर जिले में सबसे ज़्यादा 235.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

Related Posts

अलमास टावर, लखनऊ में भव्य इफ्तार का आयोजन

रोज़ेदारों के साथ विभिन्न समुदायों की सहभागिता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश लखनऊ। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर बर्लिंगटन चौराहे स्थित अलमास टावर में शनिवार को एक भव्य, सुव्यवस्थित…

Continue reading
हलवासिया ग्रुप की 4 संपत्तियां कुर्क

27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश 27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश लखनऊ। राजधानी की कॉमर्शियल कोर्ट ने 27.98 करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े आर्बिट्रेशन मामले में…

Continue reading