छात्राओं, समूह सखी और ग्राम प्रधान को मिला सम्मान

आलापुर में प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

अंबेडकरनगर। मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत रविवार को आलापुर थाने के मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छात्राओं, समूह सखी और ग्राम प्रधान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल के जरिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और अन्य उपस्थित लोगों को शासन की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर लें मदद

मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और जनशिकायत हेल्पलाइन 1076 का इस्तेमाल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और छात्राएं भी मौजूद रहीं। इस दौरान उन्हें मिष्ठान वितरित किया गया और जलपान कराया गया। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button