सम्पूर्ण समाधान दिवस: आलापुर में शिकायतों का सबसे बड़ा अंबार

डीएम-एसपी ने खुद संभाली कमान-146 फरियादियों की सुनी समस्याएं, मौके पर 17 मामलों का निस्तारण; सभी विभागों को तय समय में कार्रवाई के निर्देश

अम्बेडकरनगर। जिले में शनिवार को आयोजित अगस्त माह के प्रथम सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक बार फिर लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं। सबसे अधिक शिकायतें आलापुर तहसील में पहुंचीं, जहां जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ फरियादियों की शिकायतें सुनीं। सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने लंबित मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

आलापुर तहसील में कुल 146 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 17 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की अलग से सुनवाई की। उन्होंने कानून-व्यवस्था और पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। हर प्रकरण की गंभीरता के अनुसार समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिले की अन्य तहसीलों में भी बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज हुईं। जलालपुर तहसील में 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पांच मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। अकबरपुर तहसील में 78 शिकायतों में से 10 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। भीटी तहसील में 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें छह शिकायतों का निस्तारण हुआ। वहीं टांडा तहसील में 64 शिकायतें प्राप्त हुईं और छह मामलों का मौके पर समाधान कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button