- यूपी के वाराणसी और प्रयागराज में घाट जलमग्न
- राजस्थान में बारिश थमी, कई जिलों में तापमान 41°C के पार
- 24 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी
नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता नजर आ रहा है। इसरो की सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार देश के करीब 70 प्रतिशत हिस्से में मानसूनी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जुलाई तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत सहित देश के 60 प्रतिशत से अधिक क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। हालांकि, इस मानसून सीजन में अब तक देशभर में सामान्य से करीब 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी और प्रयागराज में कई घाटों की सीढ़ियां गंगा के बढ़ते जलस्तर में डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध घाट से पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर सहित करीब 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है।
वहीं, राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है। बीकानेर संभाग के तीन जिलों में रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राजस्थान के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में तेज बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।









