- दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत
- कई बच्चे और चालक गंभीर रूप से घायल
- गेट खुलने के बाद ट्रैक पार कर रही थी वैन
- स्थानीय लोगों ने रेलवे की लापरवाही का आरोप लगाया
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय एक स्कूल वैन (पूल कार) को लोकल ट्रेन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे और वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए। घायलों को इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, पहले एक एक्सप्रेस ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया। इसी दौरान स्कूल वैन चालक ने ट्रैक पार करने की कोशिश की। तभी दूसरी ओर से तेज रफ्तार निमतिया-कटवा लोकल ट्रेन आ गई और वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
लोगों ने लगाए लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे गेटमैन और सिग्नल व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि दूसरी ट्रेन आने से पहले फाटक खोल दिया गया, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण मासूम बच्चों की जान चली गई।
फिलहाल रेलवे और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।









