नोएडा किंग्स ने काशी रुद्रास को 5 विकेट से हराया

कार्तिक सिद्धू की घातक गेंदबाजी, 89 रन पर सिमटी काशी; नोएडा ने 14.2 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

लखनऊ। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के मुकाबले में नोएडा किंग्स ने काशी रुद्रास को पांच विकेट से हरा दिया। काशी रुद्रास की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 89 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में नोएडा किंग्स ने 14.2 ओवर में पांच विकेट खोकर 90 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

नोएडा की जीत में कार्तिक सिद्धू का अहम योगदान रहा। उन्होंने 3.3 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अनिवेश चौधरी ने नाबाद 31 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

काशी की टीम 89 रन पर ढेर

नोएडा किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी की ओर से अभिषेक गोस्वामी और उपेंद्र यादव ने 15-15 रन बनाए, जबकि विराट जायसवाल ने 13 रन की पारी खेली। नोएडा की गेंदबाजी के सामने काशी के बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और पूरी टीम 89 रन पर सिमट गई।

नोएडा ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य

90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत खराब रही और उसके दोनों सलामी बल्लेबाज खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद अनिवेश चौधरी ने पारी संभाली। उन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए। रवि सिंह ने 13 गेंदों पर 19 रन और आदित्य शर्मा ने 14 गेंदों पर 17 रन का योगदान दिया।

अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची नोएडा

यह नोएडा किंग्स की लगातार दूसरी जीत रही। जीत के बाद टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि काशी रुद्रास को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा और टीम पांचवें स्थान पर खिसक गई।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कराई मैच की शुरुआत

मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण ने टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे आयोजनों से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button