पूर्व भारतीय टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव 2026-27 रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलने के लिए उपलब्ध हैं। वह मुंबई के एलीट ग्रुप डी के पहले मुकाबले में चंडीगढ़ के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 11 अक्टूबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
सूर्यकुमार ने आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला IPL 2026 में खेला था। इसके बाद अब वह घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्होंने आगामी रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है।
फरवरी 2025 में खेला था आखिरी रणजी मैच
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई के लिए अपना आखिरी रणजी मुकाबला फरवरी 2025 में नागपुर में विदर्भ के खिलाफ खेला था। अब करीब डेढ़ साल बाद वह एक बार फिर मुंबई की टीम में रेड-बॉल क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि सूर्यकुमार ने MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक को आगामी रणजी ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है।
शार्दूल ठाकुर शुरुआती मैचों से बाहर
मुंबई की टीम को हालांकि शुरुआत में शार्दूल ठाकुर की कमी खलेगी। पूर्व मुंबई कप्तान हाथ की चोट के कारण रणजी ट्रॉफी के शुरुआती कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे।
शार्दूल की गैरमौजूदगी में तुषार देशपांडे मुंबई के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कर सकते हैं। ऐसे में टीम के लिए सूर्यकुमार की वापसी बल्लेबाजी के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी के लिहाज से भी अहम होगी।
86 फर्स्ट क्लास मैचों में 5,758 रन
सूर्यकुमार यादव ने अब तक 86 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। उनकी 144 पारियों में 5,758 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं। उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बल्लेबाजी औसत 42.33 का रहा है।
अब निगाहें 11 अक्टूबर को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुंबई और चंडीगढ़ के मुकाबले पर हैं, जहां सूर्यकुमार यादव की रणजी ट्रॉफी में वापसी देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/west-indies-team-coconut-water-indore/







