
- सरयू भवन, एनएफएनडीआरसी, स्टेज-2 कंट्रोल रूम और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण।
- सतत विकास पहलों के तहत वृक्षारोपण और सरयू घाट का भ्रमण।
- ऊर्जा दक्षता, पर्यावरणीय स्थिरता और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा।
अंबेडकरनगर। एनटीपीसी टांडा परियोजना में 9 और 10 अगस्त को केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष जिष्णु बरुआ और सदस्य (तकनीकी) रमेश बाबू वी का दो दिवसीय दौरा संपन्न हुआ। अयोध्या हवाई अड्डे पर आगमन के बाद दोनों का स्वागत एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा और वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।
दौरे के पहले दिन अतिथियों को संयंत्र संचालन, सुरक्षा प्रबंधन और परियोजना द्वारा की गई विकासात्मक पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई। निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उन्होंने सरयू भवन गेस्ट हाउस, एनएफएनडीआरसी, स्टेज-2 कंट्रोल रूम और प्रशासनिक भवन का अवलोकन किया। इस दौरान एसएमसी सदस्यों और अन्य अधिकारियों से परिचर्चा कर परियोजना संचालन में उत्कृष्टता और नई तकनीकों के समावेश पर विचार-विमर्श किया।
दूसरे दिन दोनों अतिथियों ने एनटीपीसी की सतत विकास पहलों के अंतर्गत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने सरयू घाट का भ्रमण कर स्थानीय प्राकृतिक और सामाजिक परिवेश को नजदीक से देखा। निरीक्षण के दौरान ऊर्जा उत्पादन की दक्षता, पर्यावरणीय स्थिरता और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई।
एनटीपीसी टांडा परिवार ने उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को परियोजना के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। अधिकारियों ने कहा कि इस दौरे से संयंत्र संचालन और प्रबंधन में नई प्रेरणा मिलेगी तथा सतत विकास के लक्ष्यों की दिशा में ठोस कदम उठाने में सहायता होगी।








