भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर दी देशभक्ति का संदेश

  • यात्रा में भारत माता की जय, वंदे मातरम और वीर शहीद अमर रहें के नारे गूंजे।
  • नेताओं ने तिरंगे के महत्व और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों पर जोर दिया।
  • जिले के 12 मंडलों में यात्रा संपन्न, बाकी में मंगलवार को होगी।

अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता के 78वें वर्ष पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर जनपद में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के मार्गदर्शन और जिला संयोजक बाबा रामशब्द यादव के संयोजन में कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और वीर शहीद अमर रहें के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।

टांडा विधानसभा क्षेत्र के बसखारी मंडल में निकली यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा, भाजपा नेता रुद्र प्रसाद उपाध्याय, ओमकार गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश वर्मा, वीरेंद्र वर्मा, सदावृज राजभर, रवि कन्नौजिया, माधुरी राजभर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। यात्रा बसखारी बाजार से होते हुए मुख्य मार्गों पर निकली।

यात्रा के दौरान कपिल देव वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है, जो देश की एकता, अखंडता और बलिदान की याद दिलाता है। इसके सम्मान की रक्षा हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत छवि का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश को जोड़ने का प्रतीक है।

जिला संयोजक बाबा रामशब्द यादव ने बताया कि अब तक 12 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जा चुकी है, जबकि शेष मंडलों में मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य लोगों को अपने घरों और आसपास तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है, जिससे राष्ट्र के प्रति सम्मान और गर्व की भावना और प्रबल हो।

Back to top button