
अंबेडकरनगर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी सियासी बहस के बीच कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधा। रविवार को अंबेडकरनगर पहुंचे राजभर ने कहा कि मतदाता सूची से मृतकों और दूसरी जगह बस चुके लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, फिर विपक्ष को आपत्ति क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को चिंता है कि अब फर्जी मतदान कैसे होगा।
राजभर ने दावा किया कि एसआईआर के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14 हजार से 20 हजार तक मृतकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग गांव छोड़कर शहरों या दूसरे राज्यों में बस गए हैं। कुछ मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों की सूची में दर्ज हैं। ऐसे लोगों को एक स्थान पर नाम दर्ज कराने का विकल्प दिया गया है।
चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे राजभर
राजभर ने चुनाव आयोग को संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करना उचित नहीं है। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि मृतकों और दोहरी प्रविष्टियों वाले नाम हटाने पर आपत्ति क्यों की जा रही है। उनके मुताबिक, मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को अपनी आपत्तियों का आधार स्पष्ट करना चाहिए।









