अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 138वां एपिसोड रविवार को जिले के विभिन्न बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के मार्गदर्शन और जिला उपाध्यक्ष डॉ. राना रणधीर सिंह के संयोजन में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन में उठाए गए विषयों पर चर्चा भी की।
अकबरपुर के नासिरपुर स्थित बूथ संख्या 42 पर कार्यक्रम सुनने के बाद मन की बात कार्यक्रम प्रकोष्ठ के संकुल प्रदेश सह संयोजक डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि संबोधन में राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से जुड़े विषयों का उल्लेख किया गया। वहीं कटेहरी के प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 196 पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. राना रणधीर सिंह ने कार्यक्रम सुना।
जनगणना और स्वच्छता पर भी रहा जोर
डॉ. राना रणधीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में जनगणना में नागरिकों की भागीदारी और जिम्मेदारी का उल्लेख किया गया। उन्होंने विभिन्न राज्यों में युवाओं द्वारा नदियों, समुद्र तटों, कुओं, बावड़ियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के प्रयासों का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के संदेश पर भी चर्चा हुई। जिले के अलग-अलग बूथों पर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-bijli-sankat-90-poles-damaged/









