रात दुकान में सोने गया कारोबारी, सुबह पंखे से लटका मिला शव

डीएम आवास के बगल प्रेम ट्रेडर्स में मिला 35 वर्षीय रणजीत वर्मा का शव, सुबह शटर नहीं खुलने पर लोगों को हुआ संदेह; ताला कटवाकर पुलिस ने खुलवाई दुकान

अंबेडकरनगर। अकबरपुर-टांडा मुख्य मार्ग पर डीएम आवास के बगल स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शुक्रवार सुबह कारोबारी का शव पंखे से लटका मिला। रात में दुकान पर सोने गए रणजीत वर्मा (35) सुबह बाहर नहीं निकले तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान का शटर अंदर से बंद होने पर ताला कटवाया। अंदर कारोबारी का शव मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के दहीरपुर गांव निवासी रणजीत वर्मा पुत्र रामप्रकाश के रूप में हुई। वह डीएम आवास के पास अकबरपुर-टांडा मार्ग पर प्रेम ट्रेडर्स के नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते थे। बताया जाता है कि उनकी दुकान अच्छी चलती थी। वह मिलनसार स्वभाव के थे।

रात नौ बजे दुकान बंद कर घर गए थे रणजीत

परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे रणजीत दुकान बंद कर घर खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद करीब 10 बजे वह फिर दुकान पर लौट आए। रात में दुकान पर ही सोने की बात कहकर वह घर से निकले थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक दुकान का शटर नहीं खुला तो आसपास के दुकानदारों और लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद अकबरपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

अंदर से बंद था शटर, ताला कटवाकर खुलवाई दुकान

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान का शटर अंदर से बंद था। पुलिस ने ताला कटवाकर शटर खुलवाया। अंदर पहुंचने पर रणजीत का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी दुकान पर पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button