
- मद्धूपुर गांव में महिला से डेढ़ लाख के जेवरात की ठगी
- हर्बल केमिकल से सोना चमकाने का दिया था झांसा
- ठगों ने खुद को बताया हर्बल कंपनी का कर्मचारी
अंबेडकरनगर। जैतपुर क्षेत्र के मद्धूपुर गांव में बुधवार सुबह ठगों ने हर्बल केमिकल से सोना साफ करने का झांसा देकर एक महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण ठग लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन वारदात की स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
हर्बल कंपनी के कर्मचारी बनकर पहुंचे ठग
मद्धूपुर निवासी अंजू दुबे के अनुसार बुधवार सुबह लगभग नौ बजे बाइक सवार दो युवक उनके घर पहुंचे। खुद को एक हर्बल कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसा केमिकल है जो सोने-चांदी के जेवरात और पीतल के बर्तनों को नए जैसा चमका देता है। बातचीत के दौरान उन्होंने विश्वास जीतने की कोशिश की और डेमो दिखाने को कहा।
जेवरात लेकर कर दिया हाथ साफ
अंजू दुबे ने बताया कि उन्होंने अपने कानों का सोने का झाला साफ करवाने को दिया। उसी समय पास में बैठी उनकी भतीजी ने सोने की चेन, लॉकेट और कान का सुई-धागा उन युवकों को सौंप दिया। इसके बाद ठगों ने एक स्टील का डब्बा मंगवाया और केवल सुई-धागा उसमें डालकर बाकी जेवरात चुपचाप अपनी जेब में छिपा लिए।
भागने से पहले नहीं समझ पाए घरवाले
ठगों ने जबरदस्त सफाई से अपना काम किया। जब तक घरवाले कुछ समझ पाते, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद परिवार ने आस-पड़ोस की मदद से मामले की जानकारी पुलिस को दी।








