अम्बेडकरनगर। दिल्ली में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। अम्बेडकरनगर पहुंचे मंत्री ने विपक्ष के आंदोलन को लेकर सवाल उठाए और कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करना ठीक है, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
ओपी राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में नकल और पेपर लीक को लेकर आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सूप तो सूप, चलनी भी बोल रही है, जिसके 72 छेद हैं।”
‘छात्रों की मांग सही, लेकिन विपक्ष कर रहा राजनीति’
मंत्री ने कहा कि छात्रों की यह मांग जायज है कि परीक्षाएं निष्पक्ष हों और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला होने के कारण परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन दलों के कार्यकाल में परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे, उन्हें भी अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए।
कांग्रेस पर भी निशाना, पुराने मामलों का किया जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस को भी घेरते हुए कहा कि उसके शासनकाल में भी पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी दल खुद को पूरी तरह बेदाग नहीं बता सकता।
नीट परीक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा कराई और व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास किए गए।









