जनसुनवाई में एसपी प्राची सिंह ने सुनीं फरियादें

गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

अम्बेडकरनगर। जनपद की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को उन्होंने बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक कलह और पुलिस कार्रवाई से जुड़े कई मामले सामने आए। एसपी प्राची सिंह ने एक-एक कर सभी आवेदकों से संवाद किया और उनकी प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके से ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को फोन के माध्यम से व लिखित रूप से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button